परवाणू: सोलन पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद कर एक युवक को दबोचा है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 8 मार्च को SIU टीम को क्षेत्र में नशे की खेप आने की पुख्ता जानकारी मिली थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें सवार युवक के कब्जे से 10.20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 2.34 ग्राम मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) बरामद हुई।
पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लेकर आया था और इसे आगे कहाँ सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा, गिरफ्तार युवक के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के इस काले कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।