सोलन: जिला के परवाणू क्षेत्र के तहत करालघाट में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सूर देवता मंदिर के समीप एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट भोजनगर, थाना प्रभारी परवाणू और एसडीपीओ परवाणू की टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया, जबकि उससे कुछ ही दूरी पर युवती हेलमेट पहने हुए अचेत अवस्था में पड़ी मिली। प्रथम दृष्टया युवती की भी मृत्यु हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच और परिजनों से की गई अनौपचारिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
मृतकों की पहचान याशिका लामा (20 वर्ष), पुत्री राजू स्थायी निवासी नेपाल, वर्तमान निवासी देओघाट गौतम बुद्ध विहार, सोलन व करण (21 वर्ष), पुत्र लायक राम निवासी गांव पदग्यानी, डाकघर कुमारहट्टी, जिला सोलन के रूप में हुई है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए स्टेट फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक नमूने एकत्रित किए हैं। पुलिस हर उस पहलू की जांच कर रही है जिससे मौत के असली कारणों का पता चल सके।
पुलिस ने बताया कि एफएसएल की कार्यवाही पूरी होने के बाद दोनों शवों को कब्जे में ले लिया गया है। शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की गुत्थी सुलझ पाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।