पांवटा साहिब: तंबाकू बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब में युवाओं को नशे की गर्त से बचाने और शैक्षणिक संस्थानों के माहौल को स्वच्छ रखने के लिए पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया। कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने दिन भर शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर शिकंजा कसा।

पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों, जिनमें गर्ल्स स्कूल, बॉयज स्कूल, राजकीय महाविद्यालय और आई.टी.आई. शामिल हैं, के 100 गज के दायरे में आने वाली दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान दुकानों की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान दो दुकानों से अवैध रूप से रखे गए तंबाकू उत्पाद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने तुरंत मौके पर जब्त कर लिया।

दुकानदारों के साथ-साथ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान कर नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ भी सख्त रवैया अपनाया। अभियान के दौरान कई लोगों के मौके पर चालान काटे गए। पुलिस की इस सक्रियता से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा रहा।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों के समीप नशीले पदार्थों और तंबाकू उत्पादों की बिक्री कानूनन अपराध है। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने साफ किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।