पांवटा साहिब: नाकाबंदी के दौरान बाइक सवारों से पकड़ी नशे की खेप, दो आरोपी काबू

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए दो व्यक्तियों को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम द्वारा बहराल चेक पोस्ट के समीप की गई।

जानकारी के अनुसार, कल जब पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी गुप्त सूचना के आधार पर बहराल चेक पोस्ट से थोड़ा आगे मोड़ पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान हरियाणा की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल (नंबर HP17H-6551) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो बाइक की छोटी डिक्की से 47 नशीले कैप्सूल और 105 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद हुईं।

पुलिस ने मौके पर ही मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान शहीदु रहमान (पुत्र यामिन, निवासी भगवानपुर किरतपुर, पुरूवाला) और काशम अली (पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी रामपुर बंजारन, धौलाकुआं) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ND&PS एक्ट की धारा 22, 29-61-85 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और क्षेत्र में इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।