पांवटा साहिब पुलिस का ऑपरेशन क्लीन: नशे की खेप के साथ चौथा सौदागर भी हत्थे चढ़ा

नाहन : जिला सिरमौर की स्पेशल डिटेक्शन टीम (सब-डिवीजन पांवटा साहिब) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप बरामद की है।

मामले की शुरुआत 8 मार्च 2026 को हुई थी जब गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आमिर और मोहम्मद नवाज (दोनों निवासी बेहट, सहारनपुर, यूपी) को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ दबोचा था। आरोपियों के पास से उस समय 11,040 नशीले कैप्सूल और 4,200 नशीली गोलियां बरामद की गई थीं।

जांच कोआगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने तीसरे आरोपी शाकिब (निवासी चिल्काना) को गिरफ्तार किया, जिसे माननीय अदालत ने 12 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजा है।

इसी कड़ी में कल पुलिस को चौथी बड़ी सफलता मिली, जब बॉबी कुमार (निवासी अतरगढ़, सहारनपुर) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बॉबी के कब्जे से 3,600 अतिरिक्त नशीले कैप्सूल और 600 नशीली गोलियां बरामद की हैं।

इस पूरे प्रकरण में पुलिस अब तक कुल 14,640 नशीले कैप्सूल और 4,800 नशीली गोलियां जब्त कर चुकी है। आरोपी बॉबी कुमार को अदालत ने 14 मार्च 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पांवटा साहिब पुलिस अब इन चारों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि सिरमौर और आसपास के इलाकों में इनका नेटवर्क कहाँ-कहाँ फैला था और इस गिरोह का मुख्य सरगना कौन है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।