पांवटा साहिब में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, 36 वर्षीय नर्स की मौत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के पुरुवाला पुलिस थाना के तहत आने वाले नारीवाला गांव में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार महिला नर्स की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय पूनम पत्नी राजेंद्र, निवासी अजोली, पांवटा साहिब के सिविल अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थीं। वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान नारीवाला के पास की एक तेज़ रफ्तार कार(UK 07 DM 2646) ने उनकी स्कूटी को ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूनम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना के एसएचओ रमन कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है और कार चालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।