नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गिरिपार क्षेत्र के कलाथा गांव निवासी किशन तोमर के रूप में हुई है। किशन यहां पांवटा में किराए के कमरे में रहता था।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब साढ़े 10 बजे बांगरण रोड पर सूर्या कॉलोनी के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। किशन अपनी बाइक पर तेज रफ्तार से जा रहा था कि अचानक बाइक पर से उसका नियंत्रण हट गया। इसी दौरान सड़क पर पैदल चल रहे एक व्यक्ति से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही किशन बाइक समेत उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। इलाज के मौके से पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।

किशन तोमर के निधन की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मां बेसुध हो गई है, वहीं पिता और परिवार के अन्य लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पंचायत प्रधान देवराज नेगी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि इस त्रासदी ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, किशन तोमर का अंतिम संस्कार आज यमुना नदी के स्वर्गधाम घाट पर किया जाएगा।