पांवटा साहिब में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत, महिला व बच्चे समेत 4 घायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला के पांवटा साहिब उपमंडल के पुरुवाला क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस थाना पुरुवाला में अविनाश (पुत्र रणजीत सिंह, पांवटा साहिब) के बयान पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता अविनाश ने पुलिस को बताया 24 अक्टूबर को सुबह करीब 08:00 बजे वह अपनी गाड़ी से पांवटा साहिब से अपने घर कांशीपुर लौट रहे थे। जब वे ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास पहुंचे, तो पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल (नंबर UP11CM-5919) ने उनकी गाड़ी को अत्यंत तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक किया। ओवरटेक करने के बाद वह बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने सतौन की तरफ से अपनी सही साइड पर आ रही दूसरी मोटरसाइकिल (नंबर HP17D-0838) को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के बाद दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद जब मौके पर पूछताछ की गई, तो लापरवाही से ओवरटेक करने वाली बाइक के चालक की पहचान मनीष (पुत्र अशोक कुमार, निवासी गांव धम खेड़ी, डाकघर हलालपुर, तहसील व जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।

वहीं, सामने से आ रही मोटरसाइकिल (नंबर HP17D-0838) पर एक व्यक्ति, एक महिला और एक बच्चा सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रवि कुमार और बच्चे का नाम तनवीर कुमार बताया (सभी निवासी टोकियों सैनवाला, माजरा)। इस सड़क दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिलों के चालकों के अलावा बच्चे तनवीर और एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस थाना पुरुवाला में लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना का कारण बनने वाले मोटरसाइकिल चालक मनीष के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में आगमी जांच जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।