नाहन : जिला सिरमौर की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए रविवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने पांवटा साहिब के गोविंदघाट बैरियर के पास नाकाबंदी के दौरान एक युवक को स्मैक की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन टीम पांवटा साहिब इलाके में गश्त पर थी और मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर अहम सुराग जुटा रही थी। इसी बीच टीम को पुख्ता जानकारी मिली कि मनु गुप्ता नाम का व्यक्ति कुंजा की तरफ से पैदल स्मैक की खेप लेकर पांवटा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की और यमुना पाथ गोविंदघाट बैरियर पर कड़ा नाका लगा दिया।

जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति मौके पर पहुँचा पुलिस ने उसे रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.22 ग्राम स्मैक बरामद की गई। आरोपी की पहचान 32 वर्षीय मनु गुप्ता (पुत्र सतप्रकाश गुप्ता, निवासी देवीनगर, वार्ड नंबर 9, पांवटा साहिब) के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ ND&PS एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आरोपी को कानूनी नोटिस पर पाबंद कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहाँ से लाया था और पांवटा में इसके तार किन लोगों से जुड़े हैं। इसके साथ ही आरोपी की पुरानी आपराधिक पृष्ठभूमि को भी खंगाला जा रहा है।