पांवटा साहिब: रास्ते में उड़ेल दी रेत-बजरी; पुलिस ने पीछा कर दबोचा, 3 गिरफ्तार

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पांवटा साहिब के लोअर देवीनगर स्थित यमुना नदी रवाहड़ा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आज पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम जब रूटीन गश्त पर थी, तभी यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से खनन का मामला सामने आया। पुलिस पार्टी ने मौके पर पाया कि एक जेसीबी (लोडर), एक टिप्पर और एक ट्रैक्टर की मदद से सरकारी जमीन से बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से रेत और बजरी (ग्रेवल) की चोरी की जा रही थी। जैसे ही वाहन चालकों की नजर पुलिस टीम पर पड़ी, उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 100 मीटर की दूरी तक पीछा कर सभी को दबोच लिया।

पकड़े गए वाहनों की जांच करने पर नियमों की भारी अनदेखी और अवैध गतिविधियों का खुलासा हुआ। मौके पर मौजूद जेसीबी (लोडर) का पंजीकरण नंबर UK07HD-0801 पाया गया, जबकि टिप्पर का नंबर HP17G-6448 था। इसके अलावा, मौके पर मौजूद एक ट्रैक्टर पर किसी भी प्रकार की नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। पूछताछ के दौरान तीनों चालकों ने अपनी पहचान और पते बताए, जिनमें जेसीबी चालक की पहचान सोनी (पुत्र समेर चंद, निवासी गांव खेड़ी, डाकघर रायपुर, थाना मिर्जापुर, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश), टिप्पर चालक की पहचान अजय (पुत्र मोती लाल, निवासी गांव बौड़ियां, डाकघर व तहसील गौला, थाना बिजुआ, जिला लखीमपुर, उत्तर प्रदेश) और बिना नंबर के ट्रैक्टर चालक की पहचान सुनील (पुत्र सुरेन्द्र, निवासी गांव बाड़वाला, डाकघर चिल्लोआ, थाना व तहसील विकासनगर, जिला देहरादून, उत्तराखंड) के रूप में हुई।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस की गिरफ्त से बचने और अपने अवैध कृत्य के साक्ष्यों को छिपाने का भी असफल प्रयास किया। टिप्पर और ट्रैक्टर चालकों ने भागने की जल्दबाजी में चलते-चलते ही वाहनों का जैक उठाकर उनमें लदा हुआ ग्रेवल (रेत व बजरी) रास्ते में ही गिरा दिया। इसके बावजूद पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए तीनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। सोनी, अजय और सुनील कुमार द्वारा रात के अंधेरे में यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र जैसी संवेदनशील और सरकारी भूमि से इस प्रकार अवैध खनन कर खनिज संपदा की चोरी करने के गंभीर मामले को देखते हुए, पुलिस थाना पांवटा साहिब में सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस मामले में आगे की विस्तृत जांच व अन्वेषण कर रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।