पांवटा साहिब: हाथी ने रौंदी किसानों की मेहनत, संयुक्त प्रयास से जंगल की ओर भगाया

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत घुतनपुर गाँव में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी जंगल से भटककर रिहायशी क्षेत्र में प्रवेश कर गया। हाथी खेतों के रास्ते गाँव के भीतर तक पहुँच गया, जिससे ग्रामीणों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने गाँव में प्रवेश के दौरान नसीम, सलीम और अनवर अली के खेतों में खड़ी लगभग 10 बीघा गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया। फसल को नुकसान होता देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से संयम और सतर्कता के साथ संयुक्त अभियान चलाया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और मशालों की मदद से हाथी को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया।

इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि भविष्य में यदि कोई जंगली जानवर रिहायशी क्षेत्र में आता है तो तुरंत विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

फिलहाल हाथी गाँव की सीमा से बाहर जा चुका है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वन विभाग की टीम जंगली हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।