नाहन : जिला सिरमौर के पावंटा साहिब में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हंगामे और मारपीट का मामला सामने आया है। बद्रीपुर क्षेत्र में रामलीला आयोजन के दौरान मुख्य अतिथि के स्वागत में खड़े एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने और रास्ता रोकने का आरोप है। पुलिस थाना पाँवटा साहिब में पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में राजेश कुमार (पुत्र रमेश चंद, निवासी वार्ड नंबर 4, बद्रीपुर, तहसील पावंटा साहिब) ने बताया कि आज बदरीपुर स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के पास रामलीला का आयोजन चल रहा था। इस दौरान वह मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए बनाई गई स्वागत टीम के साथ पंडाल के पास खड़े हुए थे।

शिकायत के अनुसार, उसी दौरान सुखदेव सिंह उर्फ सुख्खा और उसके दो बेटों—अमृत सिंह तथा सिमरत सिंह ने पंडाल के बाहर ही उनका रास्ता रोक लिया और उन्हें गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब राजेश कुमार ने इसका विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की, तो सुखदेव सिंह और उसके दोनों बेटों ने उन्हें नीचे गिराकर बेरहमी से पीटा।
सार्वजनिक स्थल और धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह की हुड़दंगबाजी व मारपीट की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया है। पुलिस थाना पावंटा साहिब में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस पूरी घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।