पावंटा साहिब में स्मैक के साथ शिलाई का युवक गिरफ्तार, यमुना पुल के पास पुलिस ने दबोचा

नाहन : जिला सिरमौर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पेशल डिटेक्शन सैल पावंटा साहिब की टीम ने यमुना पुल के पास एक युवक को स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान प्रकाश (निवासी गांव च्याना, शिलाई) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को स्पेशल डिटेक्शन सैल की टीम गश्त पर थी और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विश्वकर्मा चौक पर गुप्त सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि शिलाई का एक व्यक्ति स्मैक खरीदकर पाँवटा साहिब की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और यमुना पुल के पास निगरानी बढ़ा दी।

कुछ ही देर में मुखबिर की सूचना के आधार पर एक व्यक्ति यमुना पुल की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे काबू किया और जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास मौजूद माचिस की डिब्बी से 1.74 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस थाना पावंटा साहिब में आरोपी के खिलाफ ND&PS ACT के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आया था और क्षेत्र में किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस धंधे से जुड़े अन्य बड़े चेहरों का भी पर्दाफाश हो सकता है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।