पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन मेडिकल छात्रा के लिए नाहन से पहुंचे मृणाल, किया रक्तदान

नाहन : ‘सेवा परमो धर्म’ के ध्येय को चरितार्थ करते हुए ड्रॉप ऑफ होप सोसाइटी (Drop of Hope Society) सिरमौर के सदस्य एक बार फिर किसी के जीवन की उम्मीद बनकर सामने आए हैं। सोसाइटी के सक्रिय सदस्य मृणाल अरोड़ा ने पीजीआई चंडीगढ़ में आपातकाल की स्थिति में रक्तदान कर मानवता की सेवा की एक मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की अंतिम वर्ष की छात्रा वर्तमान में पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन है। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही यह सूचना ड्रॉप ऑफ होप सोसाइटी तक पहुँची, सदस्य मृणाल अरोड़ा बिना समय गंवाए नाहन से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए और वहां पहुंचकर रक्तदान किया।

गौरतलब है कि ड्रॉप ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर जिला और आसपास के क्षेत्रों में रक्त की कमी को दूर करने के लिए एक विश्वसनीय नेटवर्क के रूप में उभरी है। सोसाइटी का मुख्य उद्देश्य ‘रक्त के अभाव में किसी की जान न जाए’ सुनिश्चित करना है। इंटरनेट और सोशल मीडिया के माध्यम से यह संस्था जरूरतमंदों और रक्तदाताओं के बीच एक सेतु का काम करती है।

मृणाल अरोड़ा के इस कदम की सराहना करते हुए सोसाइटी के अन्य सदस्यों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में अपने साथी और मेडिकल छात्रा की मदद करना उनका कर्तव्य था। क्षेत्रवासियों और मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने मृणाल की इस त्वरित सहायता और जज्बे की जमकर प्रशंसा की है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।