प्रदेश के युवाओं को नशे से दूर करने के लिए आदर्श संस्था की मुहिम शुरू, पच्छाद से होगा आगाज़

नाहन : प्रदेश के युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए आदर्श संस्था ने एक व्यापक अभियान की शुरुआत की है। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत परमार ने प्रेस को दिए बयान में कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य प्रदेश को नशामुक्त बनाना है। इसके लिए संस्था राज्य के प्रत्येक जिले में अपनी जिला कार्यकारिणी गठित करेगी और फिर हर उपमंडल स्तर पर संगठन का विस्तार किया जाएगा।

परमार ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल से की जा रही है। इसके लिए प्रदेश कार्यकारिणी ने देवराज शर्मा को पच्छाद उपमंडल का प्रभारी नियुक्त किया है। शर्मा वर्तमान में मुख्य प्रेस सचिव के रूप में संस्था में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि आज प्रदेश के युवाओं और युवतियों में नशे की लत तेजी से फैल रही है, जो बेहद चिंताजनक है। संस्था का प्रयास रहेगा कि नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सक्रिय नशा माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाना संस्था की प्राथमिकता है। “हमारा लक्ष्य है कि ऐसे कारोबारियों को प्रशासन और सरकार के माध्यम से जेल भेजा जाए,” परमार ने कहा।

इस अवसर पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की पूर्व राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर ने बताया कि संस्था को इस मिशन में प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संस्था पंचायत स्तर तक पहुंचेगी और वहां जन-जागरूकता अभियान चलाएगी।

संस्था के सदस्य पंचायतों की ग्राम सभाओं में जाकर ग्रामीणों को जागरूक करेंगे और उन्हें यह समझाएंगे कि वे अपने बच्चों को नशे से कैसे बचा सकते हैं। इसके लिए विशेष शिविरों और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।