सोलन: हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला सोलन की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला प्रधान जयलाल जलपाईक की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रवक्ताओं को आ रही विभिन्न समस्याओं और स्कूल प्रशासनों के अड़ियल रवैये पर कड़ा रोष व्यक्त किया गया। संघ ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि प्रवक्ताओं का मानसिक उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो वे संबंधित प्रधानाचार्यों के घेराव से पीछे नहीं हटेंगे।

जिला प्रधान जयलाल जलपाईक ने कहा कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और साथ ही शीतकालीन स्कूलों में छठी से नौवीं तक की कक्षाएं भी शुरू हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन जिला के कुछ स्कूलों में प्रधानाचार्य, प्रवक्ताओं को ज़बरदस्ती छोटी कक्षाएं पढ़ाने के लिए मजबूर कर रहे हैं, जबकि वहां पर्याप्त संख्या में अध्यापक उपलब्ध हैं। संघ ने स्पष्ट किया कि जहां शिक्षकों की कमी है, वहां केवल नीड बेस पर ही प्रवक्ता सहयोग करेंगे, लेकिन इसे उन पर थोपा नहीं जा सकता।
बैठक में टीचर डायरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। संघ ने कहा कि कुछ स्कूलों के प्रधानाचार्य बेवजह टीचर डायरी को अनिवार्य बताकर प्रवक्ताओं को परेशान कर रहे हैं। जबकि शिक्षा सचिव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि टीचर डायरी अब अनिवार्य (Mandatory) नहीं है। संघ ने स्कूल प्रमुखों से अनुरोध किया है कि वे नियमों के विरुद्ध जाकर शिक्षकों को तनाव न दें।
प्रवक्ता संघ ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूलों में प्रवक्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका, तो वे जल्द ही उच्च शिक्षा निदेशक आशीष कोहली और उप शिक्षा निदेशक गोपाल सिंह चौहान से मुलाकात कर ऐसे प्रधानाचार्यों की लिखित शिकायत करेंगे।
इस बैठक में जिला महासचिव हेमंत शर्मा, मुख्य संरक्षक चंद्रदेव ठाकुर, संरक्षक सुशील शर्मा, विनोद चौहान, वित्त सचिव विजय कुमार, सलाहकार कमलेश भारद्वाज और सोहन लाल वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।