बद्दी पुलिस के रात के अंधेरे में मारे छापे, जेसीबी समेत 4 वाहन जब्त

Photo of author

By Hills Post

सोलन: पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के दिशा-निर्देशानुसार अवैध खनन माफिया के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दभोटा पुलिस चौकी की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महादेव नदी और धुंधली भाटिया क्षेत्र से अवैध खनन में संलिप्त 1 जेसीबी मशीन और 3 टिप्परों को मौके पर ही जब्त कर लिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दभोटा चौकी की टीम जब आदुवाल-रेडू मार्ग पर रात्रि गश्त पर थी, तो महादेव नदी की तरफ से आ रहे एक टिप्पर (HP 12D 1798) को चेकिंग के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर टिप्पर अवैध खनन सामग्री से भरा पाया गया। चालक भगत सिंह (निवासी गांव आदुवाल, नालागढ़) मौके पर खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सका, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन को तुरंत कब्जे में ले लिया।

इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने गांव धुंधली भाटिया में दबिश दी, जहाँ रात के अंधेरे में अवैध खनन का खेल चल रहा था। पुलिस ने मौके से तीन वाहनों को चालकों सहित रंगे हाथों पकड़ा, जिनमें मुकेश कुमार (निवासी गांव सोढ़ी, नालागढ़) द्वारा संचालित जेसीबी मशीन (11CX 2139), नरेंद्र सिंह (निवासी गांव ब्राह्मणां माजरा, नालागढ़) द्वारा संचालित टिप्पर (HP 36D 7798) तथा जमालदीन (निवासी गांव सोढ़ी गुलाबपुरा, नालागढ़) द्वारा संचालित टिप्पर (HP 38H 6156) शामिल हैं।

पुलिस ने चारों वाहनों को अवैध रूप से निकाली गई खनन सामग्री सहित अपने कब्जे में लेकर दभोटा पुलिस चौकी परिसर में खड़ा करवा दिया है। मामले में खनन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। बद्दी पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन करने वाले खनन माफिया और इसमें संलिप्त वाहनों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त व कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।