बद्दी में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, 6 गिरफ्तार, 17 युवतियां रेस्क्यू

Photo of author

By Hills Post

सोलन: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। दावत चौक के पास स्थित बिग बी कॉम्प्लेक्स में चल रहे स्पा सेंटरों पर पुलिस ने अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई में देह व्यापार के धंधे का खुलासा हुआ है और मौके से 17 युवतियों को रेस्क्यू किया गया है।

पुलिस को पिछले काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कुछ स्पा सेंटरों में मसाज के नाम पर अनैतिक काम हो रहा है। पुख्ता सूचना मिलते ही SP बद्दी विनोद धीमान ने मामले को गंभीरता से लिया और अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कीं। योजना के मुताबिक, पुलिस ने एक साथ चार स्पा सेंटरों पर धावा बोल दिया, जिससे वहां हड़कंप मच गया।

इन 4 स्पा सेंटरों पर हुई कार्रवाई

पुलिस ने जिन सेंटरों पर छापेमारी (रेड) की है, उनमें ए वन स्पा सेंटर (A One Spa Center), द गेटवे सैलून एंड स्पा सेंटर (The Gateway Saloon & Spa Center), द रिलीफ स्पा सेंटर (The Relief Spa Center), जन्नत सैलून एंड स्पा सेंटर (Jannat Saloon & Spa Center) शामिल हैं ।

    6 आरोपी गिरफ्तार, युवतियों को परिजनों को सौंपा

    पुलिस ने इन सेंटरों से जुड़े 6 लोगों को आरोपी बनाया है। उनके खिलाफ बद्दी थाने में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, रेस्क्यू की गई सभी 17 युवतियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिवार वालों के हवाले किया जा रहा है।

    SP विनोद धीमान ने सख्त लहजे में कहा है कि बद्दी में इस तरह की अवैध गतिविधियां किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि जो भी ऐसे धंधों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    Photo of author

    Hills Post

    हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।