नाहन : सिरमौर जिला के आंज-भोज क्षेत्र के बनोर गांव की होनहार बेटी अंजना चौहान ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC-NET) में सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने राजनीतिक विज्ञान (Political Science) विषय में NET परीक्षा पास की है। इस बड़ी उपलब्धि से बनोर गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
अंजना चौहान एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन उनकी सोच और लक्ष्य हमेशा ऊंचे रहे हैं। सीमित संसाधनों और ग्रामीण पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और निरंतर मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। अंजना का मानना है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं होता।

अंजना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनोर से प्राप्त की है। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य नेतर चौहान ने अंजना की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले इसी विद्यालय की एक और छात्रा ने भी UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की क्षमता रखती हैं।
विद्यालय प्रशासन, ग्रामीण जन और अंजना के परिवारजनों ने उन्हें इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अंजना की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार और गांव के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। यह सफलता अन्य छात्राओं को भी अपने लक्ष्य को लेकर प्रेरित करेगी।