Demo

Hills Post

भाजपा पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप, कार्य करवाने का रेट कार्ड जारी

नाहन: शहर में लगातार जारी दूसरे पोस्टर कांड में नाहन भाजपा मंडल पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों को लेकर सवाल उठाए गए है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में चस्पा किए गए पोस्टरों ने भाजपा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है, साथ ही भाजपा में पोस्टरों को लेकर खलबली मच गई है। खास बात यह भी है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव जेपी नडडा की मौजूदगी में चौगान मैदान में पोस्टर चस्पा किए जाने की बात खासी चर्चा में रही। उल्लेखनीय है कि जेपी नडडा गुरूवार को हिमाचल दिवस की जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करने के लिए स्थानीय चौगान मैदान में पहुंचे थे। पोस्टरों में बकायदा सरकारी कार्यों को करवाने के लिए रेट लिस्ट भी जारी किए गए है। शहर में चस्पा किए गए पोस्टरों में नाहन मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह का नाम जारीकर्ता के रूप में दर्शाया है। हालांकि भाजपा मंडल तमाम आरोपों को नकार रहे है लेकिन जांच के लिए देर दोपहर तक मामला पुलिस में दर्ज न करवाए जाने की वजह से इस मामले में संदेह बढता नजर आ रहा है।

पोस्टर में तबादला करवाने की फीस 15 हजार रूपए दर्शायी गई है। जबकि पदोन्नति के काम 25 हजार रूपए तय किए गए है, वहीं टैंडर दिलवाने की कीमत 20 हजार रूपए रखी गई है। पोस्टर में सबसे अधिक दाम उघोगों से जुडे कार्यों के लिए रखे गए है। पोस्टर के रेट कार्ड के मुताबिक औघोगिक कार्यों के लिए नाहन मंडल भाजपा को एक लाख की कीमत देनी होगी। इस कथित पोस्टर बम विस्फोट में मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह पर भी सीधे-सीधे भ्रष्टाचार के आरोप लगे है। खास बात तो यह है कि हस्त लिखित इन पोस्टरों में अलग-अलग रंग की स्याही के पैनों का इस्तेमाल किया गया है। कुल मिलाकर शहर में इस पोस्टर की चर्चा हरेक नुक्कड पर सुनी जा सकती है। उधर नाहन भाजपा मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने तमाम आरोपों को नकारते हुए कहा कि शरारती तत्वों द्वारा उन्हें बदनाम करने की कोशिष की जा रही है। अध्यक्ष ने कहा कि इस शरारत से भाजपा की छवि को खराब किया जा रहा है।