नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के अंतर्गत आने वाले पुलिस थाना पच्छाद के क्षेत्र चरावग में एक भीषण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यह हादसा रविवार, 15 फरवरी 2026 को करीब दोपहर 3:30 बजे पेश आया। नाहन तहसील के कौलांवाला भूड निवासी गौरव परमार अपने मित्र नीतीश पुंडीर के साथ भुर्षिंग महादेव मंदिर से दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। जब उनकी मोटरसाइकिल (HP18B 7028) चरावग नामक स्थान पर पहुंची, तो सामने से आ रहे एक अनियंत्रित टिप्पर उनकी टक्कर हो गयी ।
पीड़ित गौरव परमार द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सराहां की ओर से आ रहे एक टिप्पर चालक ने बेहद लापरवाही और तेज रफ्तारी से वाहन चलाते हुए गलत दिशा (Wrong Side) में आकर उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के पीछे बैठे नीतीश पुंडीर टिप्पर के पहियों की चपेट में आ गए। हादसे में नीतीश की दोनों टांगें बुरी तरह कुचल गई हैं। मानवता को शर्मसार करते हुए, आरोपी चालक घायल की मदद करने के बजाय मौके से टिप्पर सहित नेनाटिक्कर की ओर फरार हो गया।

इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए पच्छाद पुलिस ने गौरव परमार के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 125(a) (गंभीर चोट पहुंचाना) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 (दुर्घटना के बाद भाग जाना) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस की विभिन्न टीमें फरार टिप्पर और उसके चालक की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।