मंडी : नगर निगम की गलियों, मोहल्लों, घरों के गेट्स को किया जा रहा संक्रमण मुक्त

 मंडी: ज़िले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम मंडी ने भी कोरोना संक्रमण को खत्म करने के लिए कमर कस ली है। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए नगर निगम मंडी के द्वारा सभी 15 वार्डों में सैनेटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है।

इस दौरान वार्डों की मुख्य गलियों, मोहल्लों, चौराहा, रेलिंग के साथ लोगों के घरों के गेट्स पर भी कोरोना रोधी घोल का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही मंडी शहर में सार्वजनिक स्थानों को भी समय-समय पर सेनेटाइज करने का कार्य नगर निगम के द्वारा किया जा रहा है। इस कार्य का जिम्मा नगर निगम के सभी 15 वार्डों के पार्षदों को सौंपा गया है। 

सैनिटाइजेशन के कार्य का जायजा लेने खुद नगर निगम मंडी की मेयर दीपाली जसवाल भी मैदान में डटी हुई हैं। दीपाली वार्डों में होने वाले सैनिटाइजेशन के कार्य की निगरानी भी कर रही हैं। नगर निगम मेयर दीपाली जसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर को सेनेटाइज करने का कार्य काफी समय से अनवरत जारी है। लेकिन कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद इस कार्य में फिर से तेजी लाई गई है। जिसके चलते समय-समय पर शहर के प्रत्येक वार्ड व मुख्य गलियों को सैनेटाइज करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शरह में होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की संख्या भी अधिक है ऐसे में इन घरों के आस-पास भी सैनिटाइजेशन करवाई जा रही है ताकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।