मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला एक बार फिर बादल फटने से त्रासदी आ गई है। भारी बारिश के बाद भूस्खलन होने से अनेक मकान, सड़कें और दर्जनों गाड़ियां मलबे की चपेट में आ गए हैं। बीती देर रात भारी बारिश ने मंडी शहर सहित आस-पास के क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। जानकारी मिली है कि मंडी शहर के जेल रोड क्षेत्र में पानी में बहने से दो लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन द्वारा दोनों के शवों को बरामद कर लिया गया है। यह हादसा एक नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से हुआ और दो लोग उसमें बह गए।

भारी बारिश के बाद मंडी के जोनल अस्पताल, पैलेस काॅलोनी सहित अनेक स्थानों पर भारी नुक्सान होने का समाचार है। भारी तबाही के बाद शहर के लोगों में डर का माहौल है। उधर धर्मपुर लो.नि.वि. मंडल कार्यालय और अधीक्षण अभियंता कार्यालय के ऊपर हिस्से में भी भारी भूस्खलन की जानकारी मिली है। अनेक हिस्सों में कई गाड़ियों के दबने की भी जानकारी मिल रही है। सोशल मिडिया पर लोग अपने अपने क्षेत्र में हुए नुकसान के वीडियो शेयर कर रहे हैं।
जानकारी मिली है कि बहुत से मार्ग बंद हैं और लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण मार्ग खोलने में परेशानी आ रही है। मंडी के दोनों प्रमुख नेशनल हाईवे चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे बीती रात भारी बारिश के बाद से बंद है। क्षेत्र में अभी भी बारिश हो रही है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी के जेल रोड में बादल फटने की घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। उन्होंने एक्स पर लिखे संदेश में कहा कि “ज़िला मंडी के जेल रोड में बादल फटने की घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। इसमें दो लोगों की मृत्यु हो गई है और एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है, जिसकी तलाश के लिए बचाव दल युद्धस्तर पर प्रयासरत हैं। कई वाहन भी मलबे में दब गए हैं। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएँ हैं।
प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। राहत एवं बचाव कार्यों को तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं स्वयं स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा हूँ और सभी आवश्यक सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है। राहत कार्यों में जुटे स्थानीय लोगों का भी मैं आभार व्यक्त करता हूँ। प्रदेश सरकार इस कठिन समय में प्रभावित लोगों के साथ मज़बूती से खड़ी है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूँ कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सतर्क रहें।”