माजरा में खूनी संघर्ष: हरियाणा से आए युवकों ने परिवार पर बोला हमला, 3 घायल

नाहन : जिला सिरमौर के पुलिस थाना माजरा के तहत आने वाले गांव लोहगढ़ में आपसी कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। हरियाणा के यमुनानगर से आए कुछ लोगों ने स्थानीय युवकों और 10-12 लड़कों के साथ मिलकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें तीन भाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 जून को शौकत अली पुत्र स्वर्गीय सलामुदीन (निवासी गांव लोहगढ़, डाकघर हरीपुरखोल, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर) ने माजरा थाना में इस वारदात की लिखित शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायतकर्ता शौकत अली ने पुलिस को बताया कि बीते 1 जून 2026 को उसके भाई इस्मूदीन और आजिम खान के बीच किसी बात को लेकर आपसी झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश के चलते आजिम खान और उसके ससुर अली नवाज (निवासी गांव बिजोली, तहसील सढौरा, जिला यमुनानगर, हरियाणा) ने एक सोची-समझी साजिश रची।

आरोप है कि अली नवाज अपने साथ दो औरतों और करीब 10 से 12 अज्ञात लड़कों को लेकर लोहगढ़ पहुंचा। इन सभी ने मिलकर शौकत अली के परिवार पर लाठी-डंडों से अचानक हमला बोल दिया।

इस अचानक हुए हमले में शिकायतकर्ता शौकत अली, उसका भाई इस्मूदीन और दूसरा भाई इमरान गंभीर रूप से चोटिल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

माजरा पुलिस ने शौकत अली की शिकायत पर नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले का आगामी अन्वेषण (Investigation) कर रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए तलाश तेज कर दी गई है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।