मिस्टर इंडिया बनने इंदौर रवाना हुए सिरमौर के 6 बाहुबली, डॉ. बिंदल ने दिया जीत का मंत्र

नाहन : हिमाचल के युवाओं ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने की तैयारी कर ली है। आगामी 28 और 29 मार्च को मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित होने वाली 17वीं राष्ट्रीय स्तरीय मिस्टर इंडिया बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में सिरमौर जिले के 6 जांबाज युवा हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन बॉडी बिल्डर फेडरेशन (IBBF) द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देशभर से लगभग 500 से अधिक प्रतिभागी अपनी शारीरिक सौष्ठव और मांसपेशियों का प्रदर्शन करेंगे।

इंदौर रवाना होने से पहले इन प्रतिभागियों ने नाहन में पूर्व विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल से शिष्टाचार भेंट की। डॉ. बिंदल ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “बॉडीबिल्डिंग न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से फिट और ऊर्जावान बनाती है, बल्कि यह उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का एक सशक्त माध्यम भी है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे ये युवा राष्ट्रीय मंच पर हिमाचल का गौरव बढ़ाएंगे।”

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के प्रतिभागी और प्रसिद्ध जिम ट्रेनर मनीष सेठी ने बताया कि IBBF देश की एकमात्र ऐसी संस्था है जो खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर गंभीर रहती है। इस मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को खेल कोटे के तहत सरकारी नौकरियों के अवसर भी प्राप्त होते हैं।

मनीष सेठी ने युवाओं से अपील की कि वे शॉर्टकट या नशे के रास्ते को छोड़कर अनुशासन वाली जीवनशैली अपनाएं और बॉडीबिल्डिंग को एक करियर के रूप में देखें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।