मीडिया आमजन व सरकार के मध्य सूचना का एक सशक्त माध्यम: पठानिया

Photo of author

By Hills Post


सोलन: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मीडिया, आमजन व सरकार के मध्य सूचना का एक सशक्त माध्यम है जो लोकतंत्र की कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कुलदीप सिंह पठानिया गत देर सांय सोलन ज़िला के परवाणू स्थित आयशर पब्लिक स्कूल में आवाज़-ए-हिमाचल मीडिया ग्रुप द्वारा आयोजित हिमाचल गौरव व परवाणू गौरव सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।

कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मीडिया सरकार की कार्यप्रणाली पर नजर रखता है, जनमत को आकार देता है और नागरिकों को सूचित करता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में समाज और राष्ट्र के प्रति समाचार पत्रों का विशिष्ट योगदान है। उन्होंने कहा कि मीडिया जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाता है और यही कारण है कि आज लोग भी मीडिया की ओर उम्मीद से देखते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मज़बूत करने में मीडिया का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता संविधान का चौथा स्तम्भ है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जनता के लिए है और जनता के द्वारा बनाई जाती है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को मज़बूत करने की दिशा में सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। कमियों को दूर करने, मूल्य की स्थापना करना व व्यवस्थाओं को परिवर्तित करना ही संविधान निर्माताओं की सोच थी और इस पर कार्य करना ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि देश के प्रति हमारे उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए आगे बढ़ना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही सी.पी.ए. सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में संसाधनों का बंटवारा उचित अनुपात में करना व किस प्रकार के कानूनों को विधानसभा के माध्यम से स्वीकृति मिले इस विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज का युग कृत्रिम मेधा (ए.आई.) का है और इसका प्रयोग समाज को सही दिशा दिखाने के विषय में भी सम्मेलन में चर्चा की जाएगी।  

कुलदीप सिंह पठानिया ने राजीव कुमार, विनोद धीमान, मस्तराम डलैल, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, हिमाचल एकता मंच चण्डीगढ़, डॉ. अभिनव राणा, आयशर पब्लिक स्कूल, सुनील राणा, डॉ. सचिन वर्मा, कैप्टन अमित डोगरा, रजनेश कुमार शर्मा, सुरेन्द्र कुमार, श्याम ठाकुर, शुभम शर्मा, रीशान वर्मा तथा नशा-निवारण कमेटी शाहपुर को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए हिमाचल गौरव पुरस्कार देकर सम्मनित किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने ठाकुर दास शर्मा, विनोद कुमार कपिल, कांता कपूर, सोहन राजपूत, सुमित शर्मा, प्रवीन पुंज, तरुण शर्मा, भूपिन शर्मा, संजय पराशर तथा लोटस स्कूल परवाणू को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए परवाणू गौरव पुरस्कार देकर सम्मनित किया।
उन्होंने आवाज़-ए-हिमाचल के आयोजकों को सहयोग के रूप में एक लाख रुपए देने की घोषणा की।

उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास कर रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए किसानों, ग्रामीण युवाओं व महिलाओं की भागीदारी को समझते हुए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की गई है। उन्होंने इस अवसर पर हिमाचल गौरव व परवाणू गौरव पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों को शुभाकामनाएं दी। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष मोनिशा शर्मा, उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह एवं पार्षदगण, आवाज़-ए-हिमाचल ग्रुप के अध्यक्ष आशीष पटियाल, प्रबंध निदेशक अजय पंकिल, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र भण्डारी व यशपाल ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।