शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के हरिपुरधार के समीप शुक्रवार को हुई एक निजी बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा उस समय हुआ जब शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही बस अचानक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही, उन्होंने स्थानीय प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों को उचित और बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिले, ताकि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।