नाहन: कालाअंब मुख्य मार्ग पर मोगीनंद स्थित सरकारी स्कूल के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना पेश आई है। यहाँ नायरा कंपनी के एक तेल टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना इतनी तीव्र थी कि युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा और लहूलुहान हो गया।
घटना के वक्त घायल युवक बाइक पर अकेला ही सवार था। हादसे का शिकार हुए युवक की पहचान 19 वर्षीय अनुज, पुत्र निवासी ग्राम देवनी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोगीनंद स्कूल के समीप टैंकर और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे अनुज को सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर इंसानियत और त्वरित सूझबूझ की मिसाल देखने को मिली। हादसे के समय वहां से गुजर रहे साई ट्रांसपोर्ट के एक वाहन चालक (प्रत्यक्षदर्शी) ने इस पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना कोई समय गंवाए घायल युवक को अपनी गाड़ी में लादा और सीधे नाहन स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचे प्रत्यक्षदर्शी साई ट्रांसपोर्ट के चालक ने ही घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि हादसा मोगीनंद सरकारी स्कूल के ठीक पास नायरा के तेल टैंकर और बाइक के बीच हुआ। उन्होंने बताया कि युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत उसे अपनी गाड़ी से नाहन अस्पताल पहुंचाया ताकि उसे समय पर चिकित्सीय सहायता मिल सके।
फिलहाल घायल अनुज को नाहन मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार और गहन चिकित्सा में जुटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शी चालक द्वारा ही युवक के परिजनों को भी घटना की सूचना दी जा रही है।
खबर लिखे जाने तक यह मामला पुलिस के पास दर्ज नहीं हुआ था और घायल को तत्काल चिकित्सीय राहत पहुँचाने पर ही पूरा ध्यान केंद्रित रहा।