नाहन : सिरमौर पुलिस के डिटेक्शन सेल ने नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार, 27 अप्रैल को नाहन डिटेक्शन सेल की टीम मोगीनंद क्षेत्र में गश्त और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के संबंध में गुप्त सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान टीम को पुख्ता जानकारी मिली कि मोगीनंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) लेकर स्थानीय युवाओं और औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों को बेचने की फिराक में है।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को घेराबंदी कर काबू किया। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय कुशविन भाटिया उर्फ चंदू, पुत्र भूपेंद्र भाटिया, निवासी दर्शन नगर कॉलोनी, नारायणगढ़ रोड, काला अंब (हरियाणा) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 35.70 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा, पुलिस ने उसके पास से नशे की बिक्री से अर्जित 85,620 रुपये की नकदी भी बरामद की है।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि कुशविन भाटिया नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का मुख्य सरगना है। वह लंबे समय से पुलिस की नजरों में था और नाहन व कालाअंब के युवाओं को इस जानलेवा नशे की लत लगाकर अपना अवैध धंधा चला रहा था। आरोपी बेहद चालाकी से हरियाणा सीमा से सटे इलाकों में अपना जाल फैलाए हुए था।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना कालाअंब में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी का रिमांड हासिल कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इसके ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ को खंगालकर पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।