मोगीनन्द के पास दर्दनाक हादसा: ट्रक और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत; दो घायल

नाहन : देहरादून-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर मोगीनन्द के पास रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के आत्मघाती नतीजों को उजागर किया है। अमूमन सड़क हादसों में बड़े वाहनों को कसूरवार माना जाता है, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश और चश्मदीदों के अनुसार इस दुर्घटना की जो वजह सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। हाईवे पर एक ही बाइक पर तीन युवक सवार होकर सरेआम गलत दिशा में दौड़ रहे थे, जो सामने से आ रहे ट्रक का शिकार बन गए। इस हादसे में नियति का एक हैरान करने वाला खेल भी देखने को मिला—बाइक चला रहा युवक और सबसे पीछे बैठा साथी मामूली चोटों के साथ सुरक्षित बच गए, जबकि बाइक के ठीक बीच में बैठे युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

चश्मदीदों के मुताबिक, मोगीनन्द के पास यह हादसा पलक झपकते ही हो गया। गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल सीधे सामने से आ रहे भारी ट्रक से टकरा गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना का शिकार हुए तीनों युवक मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और कालाअम्ब के एक स्थानीय उद्योग में कार्यरत हैं। रविवार की छुट्टी के दिन की गई लापरवाही उनके लिए काल बन गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए लहूलुहान युवकों को नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किया, लेकिन बाइक के बीच में बैठे युवक रवि कुमार के गहरे जख्म जानलेवा साबित हुए और उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसके दोनों साथी इस भीषण टक्कर के बाद भी चमत्कारिक रूप से सुरक्षित हैं।

एसपी निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में ट्रैफिक नियमों का सरेआम उल्लंघन करने और लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचित कर आगामी कानूनी औपचारिकताएं तेजी से अमल में लाई जा रही हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।