यश और कार्तिक ने बढ़ाया भांभी भनोत स्कूल का मान, NMMS छात्रवृत्ति परीक्षा में पाई सफलता

नाहन : राजकीय माध्यमिक पाठशाला भांभी भनोत (शिक्षा खंड नाहन) के लिए यह गर्व का क्षण है, जहाँ इस वर्ष विद्यालय के दो होनहार छात्रों ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) परीक्षा उत्तीर्ण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के इतिहास में यह पहली बार है जब यहाँ के छात्रों ने इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है।

विद्यालय प्रभारी सुभाष चंद ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि इस शैक्षणिक सत्र में कक्षा आठवीं के कुल 10 विद्यार्थियों में से 5 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच यश ठाकुर और कार्तिक ठाकुर ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। स्कूल प्रभारी ने कहा कि एक छोटे से ग्रामीण विद्यालय के लिए दो छात्रों का एक साथ चयनित होना बड़ी उपलब्धि है।

इस गौरवपूर्ण सफलता के लिए विद्यालय प्रभारी ने दोनों सफल छात्रों, उनके अभिभावकों और समस्त शिक्षक वर्ग को बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यश और कार्तिक की इस सफलता से विद्यालय के अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत करने और भविष्य में ऐसी प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने की प्रेरणा मिलेगी।

ग्रामीण क्षेत्र के इस विद्यालय में पहली बार मिली इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों में उत्साह है, बल्कि अभिभावकों और समस्त ग्रामवासियों में भी खुशी की लहर है। इस उपलब्धि को स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और शिक्षकों के समर्पण के परिणाम के रूप में देखा जा रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।