नाहन : उपमंडल राजगढ़ की ग्राम पंचायत नेरी कोटली के गांव नेरी की प्रतिभाशाली बेटी यामिनी ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में आयोजित 14वें दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यामिनी, नरेश ठाकुर और रंजना ठाकुर की सुपुत्री हैं। वर्ष 2023–24 के शैक्षणिक सत्र में उन्होंने औद्यानिकी विषय में विज्ञान स्नातक (प्रावीण्य) की उपाधि 8.81/10.00 के उच्चतम समग्र कोटि मध्यमान अंकों के साथ पूर्ण की। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें विश्वविद्यालय का स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

दीक्षांत समारोह में प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने यामिनी को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया।
यामिनी एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखती हैं। उनकी मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण के चलते यह उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। यह उपलब्धि न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं और अभिभावकों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
पिता नरेश ठाकुर ने कहा कि “आज हमारी बेटी ने हमारा सिर गर्व से ऊँचा किया है। उसकी ईमानदार मेहनत और लगन का ही परिणाम है कि उसे यह स्वर्ण पदक मिला है।”
वहीं, यामिनी ठाकुर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि “उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही मैं यह मुकाम हासिल कर सकी हूँ। मैं आगे भी मेहनत जारी रखूँगी ताकि पढ़ाई पूरी कर अपने हिमाचल के बागवानों की सेवा में योगदान दे सकूँ।”
यामिनी की इस उपलब्धि से पूरे राजगढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है।