राजगढ़ में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, दो गुटों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे और पत्थर

नाहन : उपमंडल राजगढ़ के तहत आने वाले गांव खाल्टू में जमीन के रास्ते और लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं, जिसके बाद पुलिस थाना राजगढ़ में क्रॉस एफआईआर (Cross FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में चंडीगढ़ निवासी हरकीरत सिंह (पुत्र मेजर दलजीत सिंह) ने बताया कि 3 अप्रैल को वह अपने साथी दर्पण कुमार (निवासी निरमण्ड, कुल्लू) और लेबर के साथ अपने दोस्त अभिषेक कटोच की जमीन पर कटीली तार लगाने जा रहे थे। हरकीरत का आरोप है कि सुबह करीब 9:00 बजे जब वे गेट के पास पहुंचे, तो स्थानीय निवासी मनमोहन सिंह और ऋषभ चौहान ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि इन लोगों ने डंडों और पत्थरों से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें शरीर पर चोटें आई हैं।

दूसरी ओर, खाल्टू निवासी मनमोहन सिंह ने भी पुलिस में जवाबी शिकायत दर्ज करवाई है। मनमोहन का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन से सड़क निकालने के लिए राजेंद्र रावत के साथ 20 लाख रुपये और एक बोरवेल लगवाने की बात तय हुई थी, लेकिन उन्हें केवल 5.50 लाख रुपये ही दिए गए।

मनमोहन सिंह के अनुसार, 3 अप्रैल को जब वे अपनी गौशाला जा रहे थे, तो सड़क पर एक गाड़ी रुकी जिसमें हरकीरत सिंह, दर्पण सिंह और 4 लेबर के लोग सवार थे। जब उनसे कागजात मांगे गए, तो वे विवाद करने लगे और गेट के अंदर घुस आए। मनमोहन का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उन पर और उनके बेटे पर तेज हथियार से हमला किया, जिससे वे घायल हो गए।

राजगढ़ पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी तफ्तीश जारी है। पुलिस अब जमीन के दस्तावेजों और लेनदेन के दावों की पड़ताल कर रही है। साथ ही घायलों का मेडिकल करवाकर आगामी अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।