नाहन : जिला सिरमौर के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार अधिकारी नाहन, देवेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि SIS (Security and Intelligence Services) इंडिया लिमिटेड, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाइजर के कुल 120 पदों को भरने के लिए जिले के विभिन्न उप-रोजगार कार्यालयों में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है।
कैंपस इंटरव्यू की प्रक्रिया 8 अप्रैल 2026 को उप-रोजगार कार्यालय राजगढ़ से शुरू होगी। इसके बाद 9 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय सराहां, 10 अप्रैल को संगड़ाह और अंतिम चरण में 13 अप्रैल को उप-रोजगार कार्यालय पांवटा साहिब में इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। सभी स्थानों पर साक्षात्कार का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इच्छुक पुरुष अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी केंद्र पर पहुंच सकते हैं।

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले युवाओं की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या उससे अधिक होनी चाहिए। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है, जबकि अभ्यर्थियों की लंबाई (Height) कम से कम 168 सेंटीमीटर होना अनिवार्य है। यह भर्ती केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए ही मान्य है। साक्षात्कार में भाग लेने के लिए विभाग द्वारा कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
साक्षात्कार के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ एक Resume, शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, 10वीं का सर्टिफिकेट, स्थाई हिमाचली प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे। आवेदन से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी का नाम रोजगार कार्यालय में ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। यदि किसी का पंजीकरण ऑफलाइन है, तो वे विभाग के EEMIS पोर्टल पर अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड बनाकर ऑनलाइन प्रोफाइल सुनिश्चित कर लें। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 01702-222274 या 78072-22237 पर संपर्क कर सकते हैं।