नाहन : सिरमौर जिला बास्केटबॉल संघ के महासचिव राकेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता (लड़के व लड़कियां) के लिए जिला सिरमौर की टीम का चयन किया जाना है। इसके लिए खिलाड़ियों के ट्रायल 29 मार्च को सुबह 10:00 बजे नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में आयोजित किए जाएंगे।
महासचिव ने बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक जिला हमीरपुर के भरेड़ी में किया जा रहा है। इसी प्रतियोगिता में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

ट्रायल में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों के लिए आयु सीमा निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनका जन्म 1 जनवरी 2008 के बाद हुआ हो। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए हैं कि सभी खिलाड़ी अपने साथ आयु प्रमाण पत्र (Age Certificate) अनिवार्य रूप से लेकर आएं।
खिलाड़ियों के चयन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। ट्रायल के दौरान चयन समिति के अध्यक्ष व बास्केटबॉल कोच अभय सिंह, गुरनाम सिंह, इकबाल कौर, सचिन, मोहित सैनी, वैदिक, विजय सिंह, विवेक पाल और संजीव शर्मा उपस्थित रहेंगे, जो खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखकर टीम का चयन करेंगे।