रोनहाट में कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

शिलाई: पुलिस थाना शिलाई की टीम ने रोनहाट हेलीपैड के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई वीरवार को अमल में लाई गई। शिलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान रोनहाट हेलीपैड के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार नंबर HP34C-5900 को शक के आधार पर जांच के लिए रोका गया।

जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, तो उसके अंदर से अवैध शराब और बीयर बरामद हुई। बरामद शराब में देशी शराब 05 पेटी (मार्का नाटी नंबर 01) कुल 60 बोतलें। बीयर MEAKINS 04 पेटी (मार्का MEAKINS 10,000) कुल 48 बोतलें। बीयर TUBORG 04 पेटी (मार्का TUBORG Premium Beer) कुल 48 बोतलें।

अवैध शराब की इस खेप को बिना किसी वैध परमिट और लाइसेंस के ले जाया जा रहा था। कार में मौजूद आरोपी की पहचान राकेश निवासी गांव रिणोई, डाकघर लोजा मानल, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी राकेश के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)a के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।