सोलन: डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में आयोजित 10वीं वार्षिक अंतर-महाविद्यालय खेल एवं एथलेटिक मीट के दूसरे एवं तीसरे दिन छात्रों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को विभिन्न ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स के साथ-साथ कई टीम इवेंट्स का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महिला वर्ग के परिणाम:
महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में वानिकी महाविद्यालय की मान्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि वानिकी महाविद्यालय की आरुषि दूसरे और औद्यानिकी महाविद्यालय की स्टीविया तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में वानिकी महाविद्यालय की अनुष्का ने पहला स्थान हासिल किया। औद्यानिकी महाविद्यालय की श्रेया दूसरे तथा थूनाग महाविद्यालय की सारिका तीसरे स्थान पर रहीं। 4×100 मीटर रिले रेस में वानिकी महाविद्यालय विजेता रहा, जबकि थूनाग और औद्यानिकी महाविद्यालय क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। बास्केटबॉल मुकाबले में वानिकी महाविद्यालय ने औद्यानिकी महाविद्यालय को 25-18 के स्कोर से हराया। महिलाओं की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में नेरी महाविद्यालय ने वानिकी महाविद्यालय को पराजित किया, जबकि शतरंज में वानिकी महाविद्यालय ने औद्यानिकी महाविद्यालय को हराया। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में औद्यानिकी महाविद्यालय ने थूनाग महाविद्यालय पर विजय हासिल की।
पुरुष वर्ग के परिणाम:
पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में वानिकी महाविद्यालय के चंद्रशेखर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। औद्यानिकी महाविद्यालय के निशांत दूसरे तथा कार्तिक तीसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में औद्यानिकी महाविद्यालय के हरमन ने पहला स्थान हासिल किया। वानिकी महाविद्यालय के राम बाबू दूसरे तथा थूनाग महाविद्यालय के तुलसी तीसरे स्थान पर रहे। बास्केटबॉल मुकाबले में नेरी महाविद्यालय ने औद्यानिकी महाविद्यालय को 55-40 के स्कोर से हराया। क्रिकेट के महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में वानिकी महाविद्यालय ने औद्यानिकी महाविद्यालय को हराया। टेबल टेनिस में औद्यानिकी महाविद्यालय ने नेरी महाविद्यालय को मात दी, जबकि शतरंज में औद्यानिकी महाविद्यालय ने वानिकी महाविद्यालय पर विजय प्राप्त की।