शिक्षा के क्षेत्र में नाहन की बेटियों का डंका: HPNRC की मेरिट सूची में 3 छात्राओं ने बनाई जगह

नाहन : माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संस्थान और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है। हिमाचल प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (HPNRC) द्वारा घोषित जीएनएम (GNM) द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणामों में कॉलेज की तीन छात्राओं ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

परीक्षा परिणामों के अनुसार, कॉलेज की छात्रा किरण चौधरी (सुपुत्री राजवीर सिंह) ने कुल 601 अंक प्राप्त कर प्रदेश भर में तीसरा (3rd) स्थान हासिल किया है। वहीं, काजल (सुपुत्री तेज राम) ने 594 अंकों के साथ चौथा स्थान तथा सपना कुमारी (सुपुत्री राजेंद्र सिंह) ने 579 अंक प्राप्त कर नवां स्थान प्राप्त कर कॉलेज का गौरव बढ़ाया है।

इन छात्राओं ने कॉलेज स्तर पर भी अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है, जिसमें किरण चौधरी ने प्रथम, काजल ने द्वितीय और सपना कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की इस सफलता से पूरे कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल है।

इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज के चेयरमैन अनिल जैन, सेक्रेटरी सचिन जैन एवं प्रिंसिपल रिजी गीवरगीज़ ने सभी मेधावी छात्राओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अटूट समर्पण और संस्थान के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का सुखद परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्राएं भविष्य में एक कुशल नर्स बनकर समाज की सेवा करेंगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।