नाहन : शिक्षा खंड सुरला में प्रशिक्षित कला स्नातक अध्यापक संघ की खंड कार्यकारिणी का गठन एक गरिमामयी बैठक के दौरान किया गया। यह बैठक खंड की वरिष्ठ टीजीटी ललिता भारद्वाज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगठन को सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर नाहन शिक्षा खंड के महासचिव सुभाष शर्मा विशेष रूप से पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उनकी देखरेख में कार्यकारिणी का गठन पूरी तरह लोकतांत्रिक व पारदर्शी तरीके से किया गया। सभी पदों पर चयन सर्वसम्मति से किया गया, जिससे शिक्षकों में संगठन के प्रति एकजुटता और सहयोग की भावना स्पष्ट दिखाई दी।

कार्यकारिणी में मोहिंद्र सिंह (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्यारी) को अध्यक्ष चुना गया, जबकि कर्म चंद (राजकीय माध्यमिक विद्यालय नगल सुकेती) को महासचिव का दायित्व सौंपा गया। बृज भूषण (राजकीय वरिष्ठ पाठशाला पालियों) को कोषाध्यक्ष, और विवेक (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकपुर) को मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त ललिता भारद्वाज (राजकीय उच्च पाठशाला निहोग) को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तथा सर्वमंगला गौड (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला विक्रम बाग) को उपाध्यक्ष बनाया गया। जिला प्रतिनिधियों के रूप में जसवंत सिंह (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कौलावाला भूड़) और मनीष कुमार (राजकीय माध्यमिक पाठशाला गुमटी) का चयन किया गया।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि संगठन के शेष पदों पर चयन अगली बैठक में किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।