शूलिनी यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र की आत्महत्या के बाद छात्रों का भारी प्रदर्शन, अनेक सवाल

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में शूलिनी विश्वविद्यालय के एक पूर्व छात्र द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने के बाद पूरे यूनिवर्सिटी परिसर में माहौल गरमा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों छात्र न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें विश्वविद्यालय प्रबंधन और व्यवस्था से जुड़े कुछ बेहद गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और नोट को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने तकनीकी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

छात्रों ने आज यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं और मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों के प्रति लापरवाह रहता है। पूर्व में किए गए कई वादों को पूरा नहीं किया गया, जिससे छात्रों में असुरक्षा का भाव है। छात्रों ने मांग की है कि सुसाइड नोट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दुखद घटना के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में कुछ छात्र एक छात्रा के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परिसर में इस तरह की हिंसा विश्वविद्यालय प्रशासन की विफलता को दर्शाती है। छात्र अब गहन जांच की मांग कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट के नाम पर फर्जीवाड़ा चल रहा है, प्लेसमेंट के बाद छात्रों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है।

अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण या बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारी छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन छात्रों का प्रदर्शन जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।