संगड़ाह पुलिस का बड़ा एक्शन: सैजघाट के पास चिट्टे के साथ स्थानीय युवक गिरफ्तार

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सैजघाट के पास एक युवक को 2.03 ग्राम अवैध चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राम स्वरूप उर्फ बबलू (पुत्र रमेश कुमार), निवासी गांव व डाकघर भवाई, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिछले कल पुलिस थाना संगड़ाह की एक टीम कानून व्यवस्था और नशा तस्करी पर लगाम लगाने के उद्देश्य से इलाके में गश्त पर तैनात थी। जब पुलिस टीम सैजघाट के पास मौजूद थी, तभी उन्हें इस संबंध में एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जब पुलिस ने उक्त संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 2.03 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को तुरंत अपने कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राम स्वरूप उर्फ बबलू के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।