संगड़ाह: पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत चौरास के समीप एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि कार नीचे बान के पेड़ों के बीच फंस गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस दुर्घटना में कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस को दी गई शिकायत में दिनेश पुत्र सुंदर सिंह, निवासी गांव चौरास, डाकघर देवना, तहसील नौहराधार ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने अचानक एक जोरदार आवाज और शोर सुना। शोर सुनकर जब वे अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि चौरास से थोड़ा पीछे नौहराधार की तरफ एक सफेद रंग की ऑल्टो कार नंबर HP79-1974 सड़क से करीब 100 मीटर नीचे बान के पेड़ों में फंसी हुई थी।
ग्रामीणों ने जब नीचे जाकर देखा तो कार के अंदर उनके ही गांव का व्योम सिंह पुत्र गोपाल सिंह मौजूद था। हादसे के समय व्योम सिंह कार में अकेला ही सवार था। इस भयानक दुर्घटना में उसके सिर पर काफी गंभीर चोटें आई थीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद घायल व्योम सिंह को खाई से बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे 108 एम्बुलेंस की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौहराधार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
शिकायतकर्ता दिनेश के बयानों के आधार पर यह हादसा कार चालक व्योम सिंह द्वारा वाहन को अत्यधिक तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से चलाने के कारण पेश आया है, जिससे वह कार पर से नियंत्रण खो बैठा। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि इस संदर्भ में पुलिस थाना संगड़ाह में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की आगामी तफ्तीश में जुटी है।