संत निरंकारी मिशन ने अमृत प्रोजेक्ट के चौथे चरण में संवारीं नाहन की बावड़ियाँ

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : मानवता और प्रकृति की सेवा के संकल्प के साथ संत निरंकारी मिशन द्वारा पूरे भारतवर्ष में ‘अमृत प्रोजेक्ट’ के चौथे चरण का भव्य आगाज़ किया गया। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आज देश भर में लगभग 1500 स्थानों पर जल स्रोतों की सफाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिला सिरमौर के नाहन में मिशन के सेवादारों ने शिमला रोड स्थित बावड़ी और पार्किंग के समीप के जल स्रोतों की गहन सफाई कर समाज को जल संरक्षण और स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया।

मिशन के प्रचारक एवं सहायक मीडिया प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘अमृत प्रोजेक्ट’ की नींव वर्ष 2023 में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से रखी गई थी। आज यह प्रोजेक्ट अपने चौथे चरण में प्रवेश कर चुका है, जिसका मुख्य उद्देश्य पारंपरिक जल स्रोतों का जीर्णोद्धार करना और “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।

यह अभियान पूर्व सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी की उन शिक्षाओं को समर्पित है, जिसमें उन्होंने सदैव प्रकृति और मानवता के अंतर्संबंधों पर बल दिया। मिशन के अनुसार, जल केवल एक संसाधन नहीं बल्कि जीवन का आधार है, और इसकी शुद्धता सीधे हमारे मन की शुद्धता से जुड़ी है।

अभियान के दौरान सेवादारों ने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के उस दिव्य विजन को साझा किया, जिसमें उन्होंने आह्वान किया है कि हमें इस धरती को आने वाली पीढ़ियों के लिए पहले से अधिक सुंदर, स्वच्छ और संतुलित रूप में संजोकर रखना है। इसी पावन संकल्प के साथ सिरमौर जिले के विभिन्न स्थानों पर चिह्नित जल स्रोतों की व्यापक स्तर पर सफाई की गई।

इस अभियान का उद्देश्य केवल श्रमदान तक सीमित नहीं है, बल्कि नवाचार के माध्यम से लोगों को जल स्रोतों के स्थाई रखरखाव के प्रति जागरूक करना भी है। मिशन ने जन-भागीदारी पर बल देते हुए लोगों से विशेष अपील की है कि वे जल स्रोतों को प्रदूषित न करें और जल संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझकर एक करुणा और सौहार्दपूर्ण भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।