सरकारी ड्यूटी के साथ खेल का जुनून, संगड़ाह के देव शर्मा का मास्टर नेशनल गेम्स के लिए चयन

नाहन : खंड विकास कार्यालय (BDO Office) संगड़ाह में सोशल ऑडिटर के पद पर कार्यरत देव प्रकाश शर्मा ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। देव प्रकाश का चयन ‘खेलो 5वीं मास्टर नेशनल गेम्स 2026’ के लिए हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र और उनके परिचितों में भारी उत्साह है।

आगामी 20 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली इन राष्ट्रीय खेलों में देव प्रकाश शर्मा हिमाचल प्रदेश की वॉलीबॉल (Bally Ball) और एथलेटिक्स (Athletic) टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया के माध्यम से शुभचिंतक लगातार उन्हें बधाई संदेश भेज रहे हैं।

देव प्रकाश शर्मा का खेलों से पुराना और सफल नाता रहा है। वह वर्ष 2017 में इंटर कॉलेज एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रजत पदक (Silver Medal) जीत चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने 2017 में ही हमीरपुर में आयोजित मिनी ओलंपिक में भी जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए एथलेटिक्स में रजत पदक हासिल किया था। मास्टर नेशनल गेम्स के लिए उनका यह दूसरा चयन है, जो उनकी निरंतर मेहनत को दर्शाता है।

जिला एथलीट महासंघ सिरमौर के वर्तमान उपाध्यक्ष और पूर्व महासचिव रविंद्र पवार ने देव शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा, “2017 में जब मैंने जिला महासचिव के रूप में देव शर्मा को खेलते देखा था, तब भी उन्होंने जिला का नाम रोशन किया था। वर्तमान में जिला उपाध्यक्ष होने के नाते मुझे पूरी उम्मीद है कि देव शर्मा नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का मान बढ़ाएंगे।”

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।