सिरमौर की डॉ. सविता सहगल को राष्ट्रीय स्तर पर मिला बड़ा सम्मान

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सिरमौर के राजगढ़ स्थित राजकीय महाविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर (संगीत गायन) डॉ. सविता सहगल को लोक एवं शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।

उन्हें ‘चाँद कुल्लवी लाल चंद प्रार्थी पहाड़ी कला, संस्कृति एवं सभ्यता राष्ट्रीय पुरस्कार’ से 21 अप्रैल को कुल्लू में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। इस समारोह का आयोजन भुट्टी वीवर्स हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड द्वारा किया गया, जिसमें भारत और विदेशों से आए कुल 14 विशिष्ट व्यक्तियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. सविता सहगल, हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकार पंडित डॉ. कृष्ण लाल सहगल की सुपुत्री हैं। उन्होंने संगीत में पीएच.डी. प्राप्त कर जिला सिरमौर की पहली महिला बनने का गौरव हासिल किया है। साथ ही, उन्होंने एम.ए. (संगीत) में स्वर्ण पदक भी जीता है।

लगभग 26 वर्षों के शिक्षण अनुभव के साथ डॉ. सहगल आकाशवाणी और दूरदर्शन की मान्यता प्राप्त ‘A Grade’ कलाकार हैं। वे प्रदेश की पहली महिला हैं, जिन्होंने शास्त्रीय और सुगम संगीत दोनों विधाओं में यह उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें “Women First Award 2026” से भी सम्मानित किया गया, जो उन्हें माननीय कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा प्रदान किया गया।

डॉ. सविता सहगल ने इस सम्मान को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि वे भविष्य में भी हिमाचल की समृद्ध संगीत परंपरा के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।