सिरमौर के टोकियो और शिमला के कोटखाई में खुलेंगे केंद्रीय विद्यालय: सुरेश कश्यप

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : हिमाचल प्रदेश के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने राज्य को दो नए केंद्रीय विद्यालय की सौगात दी है। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने आज नाहन में प्रेस वार्ता कर बताया कि हिमाचल में शिमला जिले के कोटखाई और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे।

यह निर्णय केंद्रीय आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (CCEA) द्वारा लिया गया है, जिसके अंतर्गत देशभर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय स्थापित किए जाएंगे। इन विद्यालयों की स्थापना पर केंद्र सरकार द्वारा कुल 5,862.55 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह राशि वर्ष 2026-27 से अगले नौ वर्षों तक पूंजीगत एवं संचालन व्यय के रूप में खर्च होगी।

केंद्रीय विद्यालय

सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि हिमाचल के इन नए विद्यालयों से प्रदेश के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और वे विश्व स्तरीय शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। ये विद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत विकसित किए जाएंगे और इन्हें आदर्श विद्यालय के रूप में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अब सिरमौर और शिमला के बच्चों को बड़े शहरों की ओर पलायन किए बिना ही उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध होगी।

प्रेस वार्ता में सुरेश कश्यप ने केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों से आम जनता को राहत मिलेगी। दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में कमी आने से न केवल देश बल्कि विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश की जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।