सिरमौर के दिनेश ठाकुर करेंगे एशियन मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के शिलाई उपमंडल की ग्राम पंचायत बेला के गांव डिम्टी के दिनेश ठाकुर एशियन मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता आगामी 5 से 9 नवंबर 2025 तक चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।

दिनेश ठाकुर 200 मीटर और 400 मीटर रेस में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगे। इस बात की जानकारी मास्टर एथलेटिक्स फेडरेशन के सचिव भीष्म चौहान ने दी।

राष्ट्रीय स्तर पर पंजाब रेजिमेंट में अपनी पहचान बना चुके गोल्ड मेडलिस्ट दिनेश ठाकुर ने लगभग 9 वर्ष वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैनीधार में बतौर व्यवसायिक शिक्षक भी अपनी सेवाएं दी है। इसके साथ ही वह इन दिनों सिविल अस्पताल शिलाई में काउंसलर के रूप में समाज सेवा में भी सक्रिय हैं। अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद खेलों के प्रति उनकी लगन और युवाओं को निःशुल्क कोचिंग देने का जज़्बा उन्हें अलग पहचान देता है।

दिनेश ठाकुर के पिता स्व. एडवोकेट चंदन ठाकुर और माता गुरदेई देवी का निधन हो चुका है, लेकिन उन्होंने अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर सफलता की नई कहानी लिखी है। उनके छोटे भाई दिग्विजय ठाकुर शिलाई में अधिवक्ता हैं। सिरमौर का यह बेटा अब एशिया के मंच पर भारत का परचम लहराने को तैयार है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।