सिरमौर के पीयूष डंगवाल का सीनियर स्टेट हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए चयन

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल की कोटडी व्यास पंचायत के होनहार खिलाड़ी पीयूष डंगवाल का चयन राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। पीयूष अब बिलासपुर के जुखाला में आयोजित होने वाली 32वीं सीनियर स्टेट हैंडबॉल चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सीनियर वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन 13 और 14 फरवरी, 2026 को बिलासपुर के जुखाला हैंडबॉल ट्रेनिंग सेंटर में किया जा रहा है। पीयूष के चयन से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरी पंचायत और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

पीयूष के पिता राजिंदर चौधरी ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए पीयूष और उनके कोच की कड़ी मेहनत को इस सफलता का श्रेय दिया। पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने भी पीयूष को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

कोच के अनुसार, पीयूष पिछले तीन-चार वर्षों से हैंडबॉल में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। गौरतलब है कि वह इससे पहले भी तीन बार ओपन और स्कूल स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिससे उनकी खेल प्रतिभा का लोहा माना जा चुका है।

पीयूष के चयन पर समाजसेवी सुखविंदर चौधरी, स्पोर्ट्स युवा क्लब, शिव मंदिर कमेटी कोटडी चांदपुर, और स्थानीय युवा क्लब सहित कई खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उम्मीद जताई है कि पीयूष बिलासपुर में होने वाली इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।