नाहन : सिरमौर जिला के दुर्गम क्षेत्र हरिपुरधार की ग्राम पंचायत भलाड़-भलोना में शिक्षा के क्षेत्र में आज एक नया इतिहास रचा गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलाड़-भलोना के विद्यार्थियों के लिए यह दिन बेहद खास रहा, क्योंकि आधुनिक तकनीक और रोबोटिक्स की दुनिया से ग्रामीण बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल को अत्याधुनिक ‘नीनो’ (Nino V2) ह्यूमनॉइड रोबोट भेंट किया गया। इंडिया टुडे ग्रुप और केयर टुडे फंड की इस अनूठी पहल ने स्कूल की रोबोटिक्स लैब को एक नई पहचान दी है।
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य एवं डीडीओ लाल सिंह ने संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा में एक बड़ी क्रांति करार दिया। उन्होंने कहा कि अक्सर इस तरह की तकनीक बड़े शहरों के निजी स्कूलों तक ही सीमित रहती है, लेकिन अब दुर्गम क्षेत्र के बच्चे भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कोडिंग का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। यह रोबोट न केवल बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा, बल्कि उनकी तार्किक और तकनीकी समझ को भी विकसित करने में सहायक सिद्ध होगा।

‘नीनो’ रोबोट की विशेषताओं की बात करें तो यह एक बेहतरीन ‘शैक्षिक मित्र’ के रूप में कार्य करता है। यह रोबोट कई भाषाओं में संवाद करने में सक्षम है और बच्चों के साथ बातचीत करने के साथ-साथ उन्हें दिलचस्प कहानियाँ भी सुनाता है। सबसे खास बात यह है कि यह गणित और विज्ञान जैसे कठिन विषयों को खेल-खेल में समझाने की क्षमता रखता है, जिससे छात्रों में विषयों के प्रति रुचि पैदा होगी। इंटरैक्टिव लर्निंग के माध्यम से अब छात्र किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर आधुनिक युग की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार कर पाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्य भी उत्साह के साथ मौजूद रहे। प्रधानाचार्य ने विश्वास जताया कि विश्वस्तरीय तकनीक की उपलब्धता से भविष्य में यहाँ के विद्यार्थी तकनीकी क्षेत्र और इंजीनियरिंग में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। इस पहल ने साबित कर दिया है कि यदि सही संसाधन उपलब्ध हों, तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभा किसी भी मामले में पीछे नहीं है।