सिरमौर जिले को PMGSY-4 के तहत 11 नई सड़कों की सौगात, 90 करोड़ होंगे खर्च

नाहन : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में ग्रामीण कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण के तहत जिले के विभिन्न विकास खंडों के लिए 11 नई सड़कों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण पर लगभग 90 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। विभाग ने इन परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है और उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह से निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) अरविंद कुमार शर्मा ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि योजना के चौथे चरण का मुख्य उद्देश्य दुर्गम इलाकों को मुख्य सड़क मार्ग से जोड़ना है। स्वीकृत की गई 11 सड़कों का आवंटन जिला सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया है, जिसमें सबसे अधिक 5 सड़कें पांवटा साहिब विकास खंड को मिली हैं। इसके अतिरिक्त शिलाई के लिए 3 सड़कें, और नाहन, पच्छाद व राजगढ़ खंडों के लिए 1-1 सड़क मंजूर की गई है। इन सड़कों के बनने से जिले के दूरदराज के गांवों में रहने वाली एक बड़ी आबादी को बारहमासी सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।

अधीक्षण अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यक टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं और तकनीकी औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।

अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही ठेकेदारों को कार्यस्थल पर मशीनरी और श्रमशक्ति तैनात करने के निर्देश दिए जाएंगे। इन नई सड़कों के नेटवर्क से न केवल किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुँचाने में आसानी होगी, बल्कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और शिक्षा तक ग्रामीणों की पहुँच भी सुगम हो जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।